मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ में नाबालिग का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में शनिवार (6 दिसंबर 2025) को प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। दोनों आरोपितों रेहान और बाबू के घरों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। पिछले तीन दिनों से आरोपितों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था।
घटना के विरोध में शनिवार (6 दिसंबर 2025) को शामगढ़ पूरी तरह बंद रहा। कृषि उपज मंडी से लेकर निजी स्कूल-कॉलेज, बाजार और खाने-पीने की दुकानें तक बंद रहीं। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की माँग कर रहे थे।
दोपहर करीब 2 बजे प्रशासन ने पहले आरोपित रेहान के घर के आगे बने हिस्से को तोड़ा। इसके बाद बाबू के मकान पर कार्रवाई की गई। इधर पुलिस ने दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। एएसपी तैर सिंह बघेल ने कहा कि मामले में सख्त कार्रवाई होगी और किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।
जाँच में सामने आया कि रेहान पीड़िता का परिचित था। 6 नवंबर 2025 को जब पीड़िता घर में अकेली थी, तो वह चाकू लेकर उसके घर पहुँचा। उसने धमकाकर वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए माँगे। आरोपियों ने पीड़िता से 2 लाख रुपए ले भी लिए थे, लेकिन बाकी रकम ना मिलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

