मालवीय नगर अग्निकांड में होटल मालिक लवकेश गिरफ्तार, पूछताछ में बोला- ना मैं होटल चलाता था और ना ही हमारे पास फायर NOC था

दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर अग्निकांड मामले में होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। लवकेश और उसकी पत्नी के खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किया गया था, ताकि दोनों विदेश नहीं भाग सकें। होटल में लगी आग में विदेशी नागरिकों समेत 21 लोगों की जान चली गई है।

ANI ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल के मालिक लवकेश बजाज ने दिल्ली पुलिस से पूछताछ के दौरान बताया है कि उसके पास खुद जाकर होटल को संभालने या उसकी देखभाल करने का वक्त नहीं था। बजाज ने दिल्ली पुलिस को बताया है कि उसने होटल के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी एक व्यक्ति को सौंप दी थी। उसके पास बिलिंग समेत पूरी व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी थी।

उसने कथित तौर पर यह भी बताया है कि इमारत में बदलाव करना और कमरों की संख्या और आकार बढ़ाना या किसी तरह के फेरबदल करने को लेकर सलाह भी वही देता था और उसपर अमल किया जाता था। उस व्यक्ति ने उसे भरोसा दिलाया था कि इस तरह के इंतजाम ‘आम बात’ हैं और ‘दिल्ली में सब कुछ चलता है।’

होटल मालिक बजाज ने यह माना है कि होटल को फायर NOC (अनापत्ति प्रमाण पत्र) नहीं मिला था।

आरोपी को गुरुवार (4 जून 2026) को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। दिल्ली पुलिस उससे आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की माँग कर सकती है, ताकि उसके दावों की सच्चाई की जाँच की जा सके और इसमें शामिल दूसरे लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।