ईद पर नमाजियों के बीच पहुँची ममता, चुनाव के लिए माँगा साथ: BJP पर भी बोला हमला, कहा- हम डरेंगे नहीं

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। ईद के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर नमाज के बाद सीएम ममता बनर्जी ने मुस्लिमों को संबोधित किया और इस दौरान केंद्र सरकार और भाजपा पर निराधार आरोप लगाए। उनके साथ मंच पर उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के कई नेता मौजूद रहे।

ममता बनर्जी ने SIR से जुड़े मुद्दे को उठाते हुए कहा, “SIR में लोगों के नाम काट दिए गए। में इसके लिए कोलकाता से दिल्ली, कलकत्ता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक गई। मुझे उम्मीद है कि लोगों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे। में बंगाल में सभी जातियों, समुदायों और पंथों के साथ खड़ी हूँ। मैं यह लड़ाई जारी रखूँगी। हम मोदी जी को अपने अधिकार नहीं छीनने देंगे।”

ममता ने BJP को बताया चोरों और गुंड़ों की पार्टी

ममता ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार पर राज्य सरकार में हस्तक्षेप का आरोप भी लगाया। ममता ने कहा, “आप हमारी सरकार को जबरदस्ती कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। आप प्रेसिडेंट रूल लगाना चाहते हैं। फिर भी हम डरेंगे नहीं। जो डरते हैं, वो मरते हैं। जो लड़ते हैं, वो जिंदगी में कामयाब होते हैं। BJP चोरों और गुंडों की पार्टी है। गद्दारों की पार्टी है।”

उन्होंने आगे कहा, “कुछ गद्दार ऐसे भी हैं जो वोट बाँटने के लिए BJP से पैसे लेते हैं। उनसे में कहूँगी- मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है। वही होता है जो मंजूरें खुदा होता है। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है। देखना हे जोर कितना बाजू-ए-कातिल में है। अल्लाह आपका भला करे। भारत ओर बंगाल की समृद्धि हो। पश्चिम बंगाल को निशाना बनाने वालों को जहन्नुम में जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि उनका इरादा केवल बीजेपी को हटाना है।