पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की करारी हार के बाद अब INDI गठबंधन एक बार फिर से सक्रिय होता दिख रहा है। बीजेपी की बड़ी जीत के बाद TMC मुश्किल दौर से गुजर रही है और इसी बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार (7 मई 2026) को कोलकाता पहुँचे।
यहाँ उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की। इस मुलाकात को सिर्फ राजनीतिक बैठक नहीं, बल्कि ममता बनर्जी को समर्थन देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
Warmly welcoming Shri @yadavakhilesh ji, at Kalighat.
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) May 7, 2026
Today, our Hon'ble Chairperson Smt @MamataOfficial & our Hon'ble National GS Shri @abhishekaitc met with him and had an elaborate discussion.
We extend our heartfelt gratitude for his support. pic.twitter.com/nkHCrPKzrL
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 3:15 बजे हुई इस बैठक में अखिलेश यादव ने अभिषेक बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने जबरदस्त लड़ाई लड़ी है। वहीं ममता बनर्जी से उन्होंने कहा, “दीदी आप चुनाव हारी नहीं हैं, आपको हराया गया है।” मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने हाथ जोड़कर ममता के प्रति सम्मान जताया, जबकि अभिषेक बनर्जी उनसे गले मिले।
चुनाव में बेईमानी के आरोपों पर बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना
मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए बीजेपी, चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बंगाल में निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ और चुनाव को स्ट्रक्चरली कंट्रोल किया गया। अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जो तरीका अपनाया गया था, उसी मॉडल को बंगाल में बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा कि “जब भी ईमानदारी से चुनाव हुआ, दीदी जीतीं। लेकिन इस बार मल्टी लेयर माफियागिरी हुई।” अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों और केंद्रीय बलों का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, वैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा।
हार के बाद INDI गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश
बंगाल चुनाव में टीएमसी की हार के बाद अब विपक्षी दल एक बार फिर ममता बनर्जी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी ममता से संपर्क में हैं।
बुधवार को अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर टीएमसी विधायकों की बैठक हुई, जिसमें चुनाव नतीजों और हिंसा पर चर्चा की गई। पार्टी ने अदालत जाने का भी फैसला किया है।
294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। वहीं टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। सबसे बड़ा झटका ममता बनर्जी को लगा, जो अपनी भवानीपुर सीट भी 15 हजार से ज्यादा वोटों से हार गईं।

