बंगाल चुनाव से पहले TMC का घोषणा पत्र जारी, जानिए ’10 प्रतिज्ञा’ के नाम पर ममता बनर्जी ने कौन-कौन से किए वादे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले जनता को लुभाने के लिए ममता बनर्जी की अगुवाई में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) ने शुक्रवार (20 मार्च 2026) को अपना चुनावी घोषणापत्र ’10 प्रतिज्ञा’ जारी किया।

क्या हैं TMC की 10 बड़ी प्रतिज्ञाएँ?

घोषणापत्र में ममता सरकार ने महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस किया है।

  1. महिलाओं को हर महीने मदद
    लक्ष्मी भंडार योजना में महिलाओं को ₹1500 (जनरल) और ₹1700 (SC/ST) हर महीने मिलेंगे।
  2. बेरोजगार युवाओं को पैसे
    युवा साथी योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को 1500 रुपए हर महीने दिए जाएँगे।
  3. किसानों के लिए बड़ा बजट
    किसानों और खेती को बेहतर बनाने के लिए 30000 करोड़ रुपए का कृषि बजट लाया जाएगा।
  4. हर परिवार को पक्का घर
    बंगाल में हर परिवार को पक्का घर देने का वादा।
  5. हर घर में पानी
    हर घर तक पाइप से पीने का साफ पानी पहुँचाया जाएगा।
  6. घर के पास इलाज की सुविधा
    हर ब्लॉक और शहर में ‘दुआरे चिकित्सा’ कैंप लगाकर इलाज की सुविधा दी जाएगी।
  7. सरकारी स्कूलों का सुधार
    सभी सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाया जाएगा।
  8. बंगाल को ट्रेड हब बनाना
    बंगाल को पूर्वी भारत का बड़ा व्यापारिक केंद्र बनाया जाएगा।
  9. बुजुर्गों को पेंशन
    सभी मौजूदा बुजुर्गों को पेंशन मिलती रहेगी और आगे और लोगों को जोड़ा जाएगा।
  10. नए जिले बनाए जाएँगे
    राज्य में 7 नए जिले बनाए जाएँगे और शहरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

BJP और चुनाव आयोग पर ममता के आरोप

घोषणापत्र जारी करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल को राजनीतिक रूप से कमजोर करना चाहती है और चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर अफसरों के ट्रांसफर कराए गए हैं।ममता ने यह भी दावा किया कि राज्य में ‘अघोषित राष्ट्रपति शासन’ जैसा माहौल बना दिया गया है। ममता बनर्जी ने लोगों से एकजुट होकर बीजेपी को ‘सबक सिखाने’ की अपील की।