दुर्गापुर में गैंगरेप पीड़िता से मिलने के लिए BJP नेताओं को रोका, अस्पताल के गेट किए बंद: पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी का बयान- रात में बाहर न निकलें लड़कियाँ

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में बीजेपी नेताओं को गैंगरेप पीड़िता से मिलने के लिए रोका गया। रविवार (12 अक्टूबर 2025) को MBBS छात्रा से मिलने बीजेपी लॉकेट चटर्जी और अन्य लोग अस्पताल में पहुँचे। लेकिन यहाँ अस्पताल के गेट बंद कर दिए गए, जिसके बाद बीजेपी नेताओं की पुलिस से बहस भी हुई।

बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने पुलिस से सवाल किए कि आखिर उन्हें गैंगरेप पीड़िता से मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा है। यह भी पूछा कि आखिर अस्पताल के भीतर पुलिस क्यों है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में ‘तालिबान शासन’ के आरोप लगाए।

मीडिया से बातचीत करते हुए लॉकेट चटर्जी ने कहा, “हॉस्पिटल की बिल्डिंग पर इमरजेंसी का बोर्ड लगा है लेकिन यह बंद है। इसे 24 घंटे खुला रहना चाहिए। मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) के निर्देश पर पुलिस अंदर है। पुलिस अंदर क्यों है? डॉक्टर बाहर हैं, पुलिस अंदर है। यहाँ ममता बनर्जी का शासन चल रहा है। यहाँ तालिबान और पाकिस्तान जैसा शासन चल रहा है।”

वहीं पीड़ित छात्रा के पिता ने कहा, “मेरी बेटी दर्द में है। वह अभी चल भी नहीं सकती। वह बिस्तर पर है। मैं उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। वे उसे वहाँ कभी भी मार सकते हैं। इसलिए हम उसे वापस ओडिशा लाना चाहते हैं। विश्वास उठ गया है। हम नहीं चाहते कि वह बंगाल में रहे। वह अपनी पढ़ाई ओडिशा में भी जारी रख सकती है।”

गौरतलब है कि बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की MBBS छात्रा के साथ शुक्रवार (10 अक्टूबर 2025) को गैंगरेप किया गया, जब वह अपने दोस्त वासिफ के साथ डिनर के लिए बाहर गई थी। पुलिस ने आरोपित 21 वर्षीय अपू बाउरी, 23 वर्षीय फिरदौस सेख, 31 वर्षीय सेख रियाजुद्दीन को गिरफ्तार किया है।

वहीं मामले में बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उलटा लड़कियों को ही नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि रात में लड़कियों को बाहर नहीं निकलना चाहिए।