ममता बनर्जी की TMC को सालभर में मिला ₹185 करोड़ का चंदा, पिछले वर्ष से तीन गुना बढ़ी रकम: लॉटरी डिस्ट्रीब्यूटर से लेकर देशभर की बड़ी कंपनियाँ हैं दानदाता

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में 448 दानदाताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) को कुल ₹184.96 करोड़ का चंदा दिया। यह रकम पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक है। यह आँकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष में चुनाव आयोग (EC) को दी गई ₹64.24 करोड़ की राशि की तुलना में लगभग गुना वृद्धि दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी को सबसे ज्यादा चंदा देने वालों में दिल्ली और मुंबई के के इलेक्टोरल ट्रस्ट, पश्चिम बंगाल का एक लॉटरी डिस्ट्रीब्यूटर और प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चलाने वाले कारोबारी समूह शामिल हैं, जो पार्टी के शीर्ष 10 दानदाताओं में आते हैं।

तृणमूल कॉन्ग्रेस को प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से ₹92 करोड़ और टाइगर एसोसिएट्स से ₹50 करोड़ का चंदा मिला। आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, “टाइगर एसोसिएट्स पश्चिम बंगाल में नागालैंड, सिक्किम और पंजाब की लॉटरी के वितरण के लिए क्षेत्रीय वितरक है।”

लोहा, स्टील और सीमेंट कंपनी रश्मी सीमेंट लिमिटेड ने TMC को ₹5 करोड़ दिए, जबकि टाटा समूह के प्रमुख दानदाता मुंबई स्थित प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट ने ₹10 करोड़ का योगदान दिया है। इस समूह के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के झाड़ग्राम और खड़गपुर में प्लांट हैं, साथ ही कोलकाता में एक कॉर्पोरेट कार्यालय भी है। स्टेनलेस स्टील बनाने और निर्यात करने वाली कंपनी श्याम फेरो एलॉयज लिमिटेड ने TMC को ₹3 करोड़ का चंदा दिया।

कोलकाता की एक ट्रेडिंग और माइनिंग कंपनी केजरीवाल माइनिंग ने भी पार्टी को ₹3 करोड़ का दान दिया। इसके अलावा लोहे और स्टील का उत्पादन करने वाली कंपनी सुपर स्मेल्टर्स ने ₹2 करोड़ का योगदान दिया। वहीं प्लास्टिक बनाने वाली कंपनी IVL धनसेरी पेट्रोकेम इंडस्ट्रीज ने भी ₹2 करोड़ का चंदा दिया। फाइनेंशियल एक्सपर्ट किशन गोपाल मोथा भी पार्टी को चंदा देने वाले सबसे बड़े व्यक्तिगत दानदाता रहे। उन्होंने TMC को ₹3 करोड़ का योगदान दिया।

साल 2024 में जब इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ा डाटा सार्वजिन हुआ, तब सामने आया कि पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी TMC ने अप्रैल 2019 से जनवरी 2024 के बीच कुल ₹1609 करोड़ के इलेक्टोरल बॉन्ड रिडीम किए थे। इस मामले में पार्टी का स्थान बीजेपी के बाद दूसरा रहा। केवल वित्त वर्ष 2023-24 में ही TMC को इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए करीब ₹612 करोड़ मिले।

इसके अलावा TMC के 213 में से करीब 199 विधायक ने ₹22 हजार से ₹30 हजार के बीच पार्टी को चंदा दिया। इनमें मंत्री ब्रात्य बसु, बाबुल सुप्रियो, अरूप बिस्वास, चंद्रिमा भट्टाचार्य और फिरहाद हकीम का नाम शामिल है।

इतना ही नहीं, पार्टी के मौजूदा और पूर्व सांसदों में से 40 सांसदों ने भी इसी तरह दान दिया। इनमें राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने ₹1.2 लाख, जंगीपुर के सांसद खलीलुर रहमान ने ₹3.8 लाख, कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा ने ₹1 लाख और कोलकाता दक्षिण की सांसद माला रॉय ने ₹6.12 लाख का योगदान दिया।