मणिपुर में कुकी उग्रवादियों के हमले में पूर्व सैनिक और महिला की मौत, उखरुल में कार पर बरसाई गोलियाँ: NIA करेगी जाँच

मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार (18 अप्रैल 2026) को एक घात लगाकर किए गए हमले में पूर्व सैनिक समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि दो महिलाएँ घायल हो गईं। यह हमला उस समय हुआ जब चार लोग कार से इंफाल से उखरुल और कमजोंग की ओर जा रहे थे। घटना ऐसे समय हुई है जब इलाके में पहले से ही कुकी और तांगखुल नागा समुदायों के बीच तनाव चल रहा है।

कैसे हुआ हमला और कौन थे पीड़ित?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला दोपहर करीब 2:30 बजे लितान के पास याओलेन कुकी गाँव के नजदीक हुआ, जो उखरुल को इंफाल से जोड़ने वाले हाईवे पर स्थित है। हमलावरों ने अचानक कार पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें 45 साल के चाइनाओशांग शोकवुंगनाओ और 42 साल के यारुइंगम वाशुम की मौके पर ही मौत हो गई।

चाइनाओशांग शोकवुंगनाओ भारतीय सेना की नागा रेजिमेंट में कार्यरत रह चुके थे। दोनों मृतक तांगखुल नागा समुदाय से थे और उखरुल जिले के अलग-अलग गाँवों के निवासी थे। इस हमले में कार में सवार दो महिलाएँ भी घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि ये सभी लोग इंफाल से उखरुल की ओर जा रहे थे और एक तय सुरक्षा व्यवस्था के तहत यात्रा कर रहे थे। हालाँकि, लितान के आगे का हिस्सा बिना सुरक्षा के था, और इसी दौरान यह घातक हमला हुआ।

हमले के बाद आरोप-प्रत्यारोप और सरकार की कार्रवाई

इस हमले के बाद तांगखुल नागा समुदाय के शीर्ष संगठन ने कुकी उग्रवादियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही हुई है, जिसके चलते यह हमला संभव हो पाया।

उन्होंने उखरुल के जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को तत्काल निलंबित करने की माँग की है, साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जाँच की भी माँग की है।

वहीं कुकी-जो काउंसिल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि इस घटना का कुकी समुदाय से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि यह हमला क्षेत्र में चल रहे आपसी गुटों के तनाव का नतीजा हो सकता है और बिना पुख्ता सबूत के किसी समुदाय को दोष देना गलत है।

मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि मामले की जाँच NIA को सौंपी जाएगी। साथ ही हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन भी शुरू कर दिया गया है।