विरोध के बाद मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का बदलेगा नाम, Netflix ने हाईकोर्ट में दी जानकारी

दिल्ली हाईकोर्ट में मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने अदालत को बताया कि फिल्म का नाम बदला जाएगा और इसे नए टाइटल के साथ रिलीज किया जाएगा। हाईकोर्ट में जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव फिल्म की प्रस्तावित रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई कर रहे थे। इस दौरान अदालत को बताया गया कि इस नाम से जुड़ी सभी तरह की प्रमोशन सामग्री भी सभी जगहों से हटा ली गई है।

यह याचिका महेंद्र चतुर्वेदी द्वारा दायर की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि शो का टाइटल और प्रचार सामग्री मानहानिकारक और आपत्तिजनक है। याचिकाकर्ता का कहना था कि ‘पंडत’ शब्द का संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से ब्राह्मण समुदाय और आचार्यों से है और इसे भ्रष्टाचार से जोड़ना पूरे समुदाय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने जैसा है। नाम बदलने के बाद अदालत ने माना कि विवाद का मुख्य आधार समाप्त हो चुका है और इसलिए याचिका का निपटारा कर दिया गया।

इससे पहले सोशल मीडिया पर टाइटल को लेकर फिल्म की खूब आलोचना हुई थी और दावा किया जा रहा था कि इसके जरिए ब्राह्मण समुदाय को अपमानित किया जा रहा है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने फिल्म पर बैन लगाने की भी माँग की थी।