तौकीर रजा के पर्सनल सेक्रेटरी अफजल बेग ने कोर्ट में किया सरेंडर, बरेली हिंसा के बाद से था फरार: पुलिस ने घोषित किया था ₹15000 का ईनाम

उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुई हिंसा के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के निजी सचिव अफजल बेग ने बुधवार (15 अक्तूबर 2025) को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

अफजल बेग पर ₹15,000 का इनाम घोषित था और वो लंबे समय से फरार चल रहा था। उसने अपने वकील और कुछ साथियों के साथ बरेली की मजिस्ट्रेट कोर्ट में सरेंडर किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अफजल बरेली के विहारीपुर (सिविल लाइंस) का निवासी हैं और पहले IMC का पदाधिकारी भी रह चुका हैं।

उल्लेखनीय है कि 26 सितंबर 2025 को ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर को लेकर हुए विवाद के बाद शहर में हिंसा भड़क गई थी। पुलिस और भीड़ के बीच झड़प हुई थी। अफजल बेग पर इस हिंसा के अलावा बारादरी थाने में एक और दंगे के मामले में केस दर्ज है। पुलिस अब उसकी रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। कई अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी जारी है।