6 की मौत, 1 लापता और 3 लाख की वापसी: खाड़ी संकट के बीच विदेश मंत्रालय ने दी भारतीयों की जानकारी, कहा- नागरिकों की सुरक्षा के लिए कर रहे हर संभव कोशिश

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच बुधवार (18 मार्च 2026) को सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इसके साथ ही इस पूरे क्षेत्र में अब तक मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि रियाद स्थित भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।

कितने भारतीय अब तक लौटे

MEA में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने बताया कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 6 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है और एक अब भी लापता है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब, ओमान, इराक और UAE में भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं, ताकि मृतकों के शव जल्द भारत लाए जा सकें और लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

इसी बीच, इराक में फंसे एमटी सेफसी विष्णु ऑयल टैंकर के 15 भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जो सऊदी अरब के रास्ते भारत लौट रहे हैं। इससे पहले भी 24 भारतीय नाविक जिनमें MD MKD Vyom और MT स्काइलाइट के सदस्य शामिल थे, ओमान से सुरक्षित भारत पहुँच चुके हैं।

उड़ानों में सुधार, लाखों भारतीय लौटे देश

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 से अब तक करीब 3 लाख भारतीय इस क्षेत्र से वापस देश लौट चुके हैं। UAE से रोजाना करीब 90 उड़ानें भारत के लिए संचालित होने की उम्मीद है, जबकि कतार एयरवेज भी 10 विशेष उड़ानें चलाने जा रही है।

हालाँकि, कुवैत और बहरीन का हवाई क्षेत्र अभी भी बंद है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो रही है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव कदम उठाने की बात कह रही है।