उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की चुनार पुलिस ने सुहेल खान, करामत खान और नियामत खान को चुनार पुलिस ने एक हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर भगाने, जबरन धर्मांतरण कर निकाह कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपित मुहम्मदपुर, चुनार क्षेत्र के निवासी हैं।
यह कार्रवाई युवती की माँ की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई। शिकायत में माँ ने बेटी को प्रेमजाल में फँसाकर ले जाने और मतांतरण कराने का गंभीर आरोप लगाया गया था। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को दबोचकर जेल भेज दिया है।
प्रेमजाल में फँसाकर वाराणसी ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, गाँव के ही युवक सुहेल खान ने पहले युवती से नजदीकियाँ बढ़ाईं और फिर उसे बहला-फुसलाकर वाराणसी ले गया। आरोप है कि 13 फरवरी 2026 की रात युवती घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपए से जुड़े दस्तावेज लेकर निकल गई थी।
इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और 14 फरवरी 2026 को चुनार कोतवाली में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 फरवरी 2026 को युवती को वाराणसी के रामापुरा इलाके से बरामद कर लिया।
मस्जिद ले जा कर कराया निकाह, तीनों आरोपित गिरफ्तार
बरामदगी के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि उसे 15 फरवरी को वाराणसी की एक मस्जिद में ले जाकर निकाह कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी रही। गुरुवार (19 फरवरी 2026) को पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपित कैलहट अंडरपास के पास मौजूद हैं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपित सुहेल खान ने युवती को प्रेमजाल में फँसाने और निकाह कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

