जिन्होंने काफिला रोक दी माँ-बहन की गाली, उनको जीतन राम मांझी की MLA समधन ने बताया ‘यादव समाज के लोग’: कहा- मुझे जान से मारने की दे रहे थे धमकी

सोशल मीडिया पर बिहार के गया जिले का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें भीड़ को बाराचट्टी से विधायक ज्योति माँझी के काफिले को मोहनपुर जाते समय बीच रास्ते रोककर हंगामा और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। अब इस पूरे मामले पर ज्योति मांझी का बयान सामने आया है।

उन्होंने कहा है, “मोहनपुर थाने को मैंने अपने कार्यक्रम की सूचना दी थी। उनसे कहा कि आपसे सहयोग की अपेक्षा है। मोहनपुर थाना के इंचार्ज का रिप्लाई आया कि मैडम गाड़ी में तेल नहीं है, थोड़ा-बहुत है तो उसे पेट्रोलिंग के लिए रखा है, आप तो जानती हैं, पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है। अगर कुछ होगा तो सूचना दीजिएगा।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझ पर हमला करने वाले यादव समाज के लोग थे। जितने भी लोगों ने हमला किया, वे सभी लोग नशे में थे। हमलावरों में एक भी ऐसा नहीं था, जो आक्रोशितों को समझाता दिखे। हमलावर कह रहे थे कि तुम्हें दो-तीन साल से ज्यादा नहीं रहने देंगे, चुटकी में उठा लेंगे। मारने वाला और जन्म देने वाला भगवान है।”

ज्योति मांझी ने कहा, “यादव समाज के लोग मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। मेरे अंदर किसी से बदले की भावना नहीं है, मैंने किसी का बुरा नहीं किया है।” मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य की तलाश की जा रही है।