मिडिल ईस्ट संकट का जिक्र कर नीदरलैंड्स में बोले PM मोदी, ये आपदाओं का दशक- हालात नहीं सुधरे तो दुनिया पर पड़ेगा भारी: भारतीय मूल के लोगों को भी किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने नीदरलैंड दौरे के दौरान भारत और यूरोप के बीच मजबूत होते आर्थिक रिश्तों का बड़ा संदेश देते नजर आए। एम्स्टर्डम पहुँचने के बाद पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा, “इतना प्यार और उत्साह… सच कहूँ तो कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूँ। ऐसे लग रहा है कि जैसे भारत में ही कहीं कोई फेस्टिवल चल रहा है।”

इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम के चुनावी माहौल का जिक्र करते हुए हल्के अंदाज में झालमुड़ी पर भी टिप्पणी की, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को खूब हंसाया। नीदरलैंड्स में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ये आपदाओं का दशक है। अगर दुनिया नहीं संभली तो पूरी दुनिया को ये दशक भारी पड़ने वाला है।

भारत-EU व्यापार समझौते पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच आर्थिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट व्यापार, निवेश और टेक्नोलॉजी सेक्टर में नई संभावनाएँ खोलेगा।

पीएम मोदी इस दौरे में नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मिलेंगे।

क्या झालमुड़ी नीदरलैंड्स भी पहुँच गई?

भारतीय समुदाय से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए पूछा, “क्या झालमुड़ी नीदरलैंड्स भी पहुँच गई है?” उनके इस सवाल पर वहाँ मौजूद लोग हंस पड़े। पीएम मोदी की यह टिप्पणी इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गई थी।

अप्रैल में बंगाल के झारग्राम दौरे के दौरान पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी खाने रुक गए थे, जिसके बाद बीजेपी और TMC के बीच इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई थी।

बंगाल-असम चुनाव और लोकतंत्र पर क्या बोले पीएम

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत में बढ़ती लोकतांत्रिक भागीदारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हर चुनाव में रिकॉर्ड मतदान हो रहा है और 2024 लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वोट डाला, जो यूरोपीय संघ की कुल आबादी से भी अधिक है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र लगातार मजबूत हो रहा है और देश के लोग विकास और स्थिरता के लिए मतदान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अब सिर्फ अपने लिए नहीं बल्कि पूरी दुनिया की प्रगति में योगदान देने की सोच के साथ आगे बढ़ रहा है।

भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता

पीएम मोदी ने कहा कि एक समय भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन चुका है।

उन्होंने कहा कि भारत तेजी से टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। पीएम के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में भारत ने धरती और चांद के बीच की दूरी से 11 गुना ज्यादा ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है।

स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी और ओलंपिक का सपना

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश ग्रीन एनर्जी में लीडर बनने, ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनने और दुनिया की आर्थिक वृद्धि का केंद्र बनने की दिशा में काम कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब बड़े सपने देख रहा है और भविष्य में ओलंपिक की मेजबानी भी करना चाहता है।

भारतीय समुदाय की तारीफ और संस्कृति का जिक्र

नीदरलैंड में बसे भारतीयों की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वहाँ रहने वाले भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय भारत और यूरोप के बीच विश्वसनीय पुल की भूमिका निभा रहा है।

पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय जहाँ भी जाते हैं, अपनी मिट्टी की खुशबू, त्योहारों की परंपरा और संस्कार साथ लेकर जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई संस्कृतियाँ समय के साथ खत्म हो गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है।

16 मई 2014 की जीत भी याद दिलाई

अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने 16 मई 2014 का जिक्र करते हुए कहा कि इसी दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे और कई दशकों बाद देश को पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार मिली थी। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों का भरोसा ही उन्हें लगातार काम करने की ताकत देता है।