मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार (14 जून 2026) की शाम दर्दनाक और हृदयविदारक रेल हादसा हो गया। हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद यात्रियों में भारी भगदड़ मच गई। जान बचाने की होड़ में घबराए यात्रियों ने आनन-फानन में चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और बिना सोचे-समझे पटरियों पर कूद गए। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, “यह हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे हुआ जब उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर जा रही थी। आग की झूठी अफवाह के बाद पटरी पर उतरे लोग दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। इस दुर्घटना में अब तक महिलाओं-बच्चों सहित 4 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। वहीं, 7 अन्य लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।”
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुँचे और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस भीषण दुर्घटना के कारण व्यस्त दिल्ली-मुंबई रेलवे रूट पर रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
Dhoulpur, Rajasthan: A passenger says, "…Then someone said that there was a fire on the train… People started panicking and there was chaos. Out of fear, some passengers began jumping from the train. Many people ended up standing on the railway tracks…" pic.twitter.com/tAW6Kvc9Ih
— IANS (@ians_india) June 14, 2026
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की उच्च स्तरीय जाँच के आदेश दे दिए हैं ताकि अफवाह फैलाने वाले और लापरवाही के कारणों का पता लगाया जा सके।

