हिस्ट्रीशीटर अरबाज ने बीवी को 4 घंटे तक ‘मुर्गा’ बनाकर पीटा, गर्दन काटने से लिए 2 घंटे तक रेल की पटरी पर लिटाया: चाकू से भी किया वार, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

मुंबई के चेंबूर इलाके में घरेलू हिंसा का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 25 वर्षीय अरबाज सैयद पर अपनी बीवी को कई दिनों तक शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। अरबाज हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 19 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पीड़िता का आरोप है कि उसे करीब चार घंटे तक ‘मुर्गा’ बनाकर रखा गया, रेलवे ट्रैक पर ले जाकर जान से मारने की कोशिश की गई, लगातार धमकियाँ दी गईं और बाद में मायके पहुँचने पर उस पर चाकू से हमला भी किया गया।

मुंबई पुलिस के अनुसार, अरबाज सैयद एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में गंभीर अपराधों के 19 मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि घरेलू विवाद के दौरान उसने अपनी बीवी के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर में बंधक बनाकर रखा।

पीड़िता ने सुनाई आपबीती, कहा- हर समय नशे में रहता है शौहर

पीड़िता ने बताया कि उसका शौहर अक्सर शराब के नशे में घर आता था और बिना किसी वजह के उसकी पिटाई करता था। महिला ने कहा, “वह हर समय नशे में रहता है। अगर कभी होश में भी होता है, तब भी मुझे मारता है। बिना किसी कारण के मारपीट करता है। रातभर सोने नहीं देता। गले पर चाकू रखकर डराता है और मेरे साथ बदसलूकी करता है।”

पीड़िता के मुताबिक, पिछले 8 से 10 दिनों से लगातार उसके साथ मारपीट की जा रही थी। उसे एक भी रात सोने नहीं दिया गया और तीन दिनों तक खाना तक नहीं दिया गया। महिला ने बताया कि हमले से एक दिन पहले अरबाज उसे रेलवे ट्रैक पर ले गया और उसकी गर्दन पटरी पर रखकर लिटा दिया, ताकि ट्रेन से उसका सिर कट जाए।

करीब दो घंटे तक ट्रेन का इंतजार किया गया लेकिन जब कोई ट्रेन नहीं आई तो वह उसे वापस घर ले आया। घर लौटने के बाद दोपहर करीब 2 बजे से रात 8:30 बजे तक उसे घर में बंद रखा गया और लगभग चार घंटे तक ‘मुर्गा’ बनाकर बेल्ट से पीटा गया, मुक्के और लात मारे गए।

पीड़िता ने बताया कि इतनी बेरहमी से मारपीट की गई कि उसके दाहिने कान से सुनाई देना बंद हो गया है और पूरे शरीर में दर्द है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अरबाज ने तलवार से मार डालने और चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।

पीड़िता के मायके पहुँचकर मारा चाकू

पीड़िता के मुताबिक, अरबाज खुद को हिस्ट्रीशीटर बताते हुए कहता था कि पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं करती क्योंकि वह पुलिस का मुखबिर है। करीब चार घंटे तक चली प्रताड़ना के बाद महिला किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर अपने मायके पहुँच गई। हालाँकि वहाँ भी अरबाज उसका पीछा करते हुए पहुँच गया।

उसने घर पर हंगामा किया और गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। हमले के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने अरबाज सैयद को हिरासत में ले लिया। महिला के अनुसार, अरबाज ने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह उसे, उसके बच्चे और उसके अम्मी-अब्बू को नहीं छोड़ेगा।

महिला का कहना है कि वह उससे तलाक चाहती है। महिला ने यह भी बताया कि वह पुलिस उपायुक्त (DCP) समीर शेख को पत्र लिखकर इस मामले में सख्त कार्रवाई की माँग करेगी।शिकायत के आधार पर चेंबूर के आरसीएफ पुलिस स्टेशन में अरबाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।