मुंबई के एंटॉप हिल इलाके में एक हिंदू महिला डॉक्टर स्तुति सोनावने की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उनके बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को डॉक्टर के कमरे से 6 पन्नों का एक भावुक सुसाइड नोट मिला है। इसमें फैजुल द्वारा किए गए मानसिक उत्पीड़न और शक का जिक्र है।
खुशहाल पलों के बाद शुरू हुआ मानसिक टॉर्चर
सुसाइड नोट के अनुसार, स्तुति और फैजुल की मुलाकात एक ऐप के जरिए हुई थी। स्तुति ने लिखा कि उनके बीच कई खुशहाल पल थे और फैजुल ने उनका जन्मदिन ताज होटल में भी मनाया था। लेकिन बाद में फैजुल का व्यवहार बदल गया।
फैजुल स्तुति पर शक करने लगा और उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने लगा, जिससे वे गहरे तनाव में चली गईं। फैजुल ने स्तुति को बार-बार धमकियाँ देता था और यह कहता था, “तू एक दिन फ्रिज में मिलेगी”। स्तुति ने यह जानकारी अपनी सहेली को भी दी थी। इसी मानसिक आघात के कारण उन्होंने 8 मार्च की रात दुपट्टे से फाँसी लगाकर जान दे दी।
पिता की गुहार
डॉक्टर के पिता बजरंग सोनावने ने बताया कि 9 मार्च की सुबह जब दरवाजा तोड़ा गया, तब स्तुति का शव बरामद हुआ। उन्होंने कहा, “जो मेरी बेटी के साथ हुआ है, वो किसी और के साथ ना हो।” मृतक के पिता ने दोषियों को कड़ी सजा देने की माँग की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपित फैजुल एक इंश्योरेंस ब्रोकर है और उसने कानून की पढ़ाई की है। जाँच में अब तक ‘लव जिहाद’ जैसा कोई एंगल सामने नहीं आया है। मामले की जाँच जारी है।

