मुंबई के मझगाँव सिविल कोर्ट में तैनात एडिशनल सेशंस जज एजाजुद्दीन सलाउद्दीन काजी पर गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने उन्हें 15 लाख रुपये की रिश्वत मामले में वांटेड घोषित किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जज एजाजुद्दीन सलाउद्दीन काजी फरार चल रहे हैं, जबकि उनके क्लर्क चंद्रकांत वासुदेव को 11 नवंबर 2025 को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। यह मामला एक पुराने जमीन विवाद से जुड़ा है, जहाँ एक व्यक्ति के पक्ष में फैसला देने के बदले पैसे माँगे गए।
मामला 9 सितंबर 2025 से शुरू हुआ जब जमीन विवाद का केस जज काजी की कोर्ट में सुनवाई के लिए आया। क्लर्क वासुदेव ने शिकायतकर्ता के साथी से कोर्ट के वॉशरूम में संपर्क किया और कहा, “साहब के लिए कुछ करो, फैसला आपके हक में हो जाएगा।” बाद में चेंबूर के एक कैफे में मिलकर पहले 25 लाख माँगे- खुद के लिए 10 लाख और जज के लिए 15 लाख। मोलभाव के बाद रकम 15 लाख पर तय हुई।
शिकायतकर्ता ने 10 नवंबर को ACB से शिकायत की। अगले दिन ट्रैप लगाया गया। क्लर्क कैफे में 15 लाख लेते पकड़ा गया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद ACB के निर्देश पर क्लर्क ने गवाहों के सामने जज काजी को फोन किया। जज ने रकम पर सहमति जताई और पैसे घर लाने को कहा।
इस मामले में कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट सबूत बने हैं। गिरफ्तार क्लर्क वासुदेव ने पूछताछ में बताया कि जज एजाजुद्दीन सलाउद्दीन काजी से उसके बहुत करीबी संबंध हैं, जज ने उसके पारिवारिक मामलों में मदद की थी।
ACB की टीम 12 नवंबर 2025 को जज के घर पहुँची तो ताला लगा मिला। दूसरे जज और पंचों के सामने घर सील किया गया। जज की कॉल डिटेल्स वेरिफाई की जा रही हैं। क्लर्क को 17 नवंबर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, उसकी जमानत अर्जी 19 नवंबर को सुनवाई होगी।
ACB ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। जज की जाँच और गिरफ्तारी के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से इजाजत माँगी जा रही है। ACB का कहना है कि जज ने इस रिश्वत रैकेट में सक्रिय भूमिका निभाई। सबूतों में रिश्वत की रकम, मोबाइल, कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो शामिल हैं।

