निकाह में नासिर को नहीं मिली बुलेट, बीवी मुस्कान को पिलाया तेजाब: इलाज के दौरान हुई मौत, मेरठ पुलिस ने मियाँ समेत 6 पर दर्ज की FIR

उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज के लिए एक नवविवाहिता को टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिलाकर मार डाला। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता मुस्कान की मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस ने मृतका के मियाँ नासिर सहित ससुराल के 6 लोगों पर FIR दर्ज की है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। मुस्कान का निकाह 19 फरवरी 2025 को फतलहपुर के रहने वाले नासिर से हुई थी। लड़की के परिवार ने अपनी हैसियत के हिसाब से दान-दहेज दिया था।

लेकिन ससुराल वाले इस निकाह से खुश नहीं थे। निकाह के बाद से ही मियाँ नासिर और उसके घरवाले लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी माँग रहे थे। माँग पूरी न होने पर मुस्कान को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

तेजाब पिलाकर उतारा मौत के घाट

मायके वालों के मुताबिक, 1 जुलाई की शाम को उन्हें खबर मिली कि मुस्कान को तेजाब पिला दिया गया है। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहाँ गुरुवार (2 जुलाई) शाम को इलाज के दौरान मुस्कान ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतका के अब्बू की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।