मुरादाबाद में मुनतरीन ने हिंदू प्रेमी अजय से रचाई शादी, शिव मंदिर में सात फेरे लेने के बाद गंगाजल पीकर तोड़ा रोजा: घर वापसी कर बनी मुस्कान

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मुस्लिम युवती मुनतरीन ने हिंदू युवक अजय कश्यप से हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर अपना नाम मुस्कान रख लिया है। प्रेमी अजय के साथ मंदिर में सात फेरे लेने के बाद मुनतरीन ने गंगाजल पीकर अपना रोजा तोड़ा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुनतरीन और अजय के बीच करीब पाँच साल से प्रेम संबंध था। शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को मुनतरीन रोजा रखकर घर से निकली और अजय के साथ एक शिव मंदिर पहुँचकर हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए। शादी के बाद उसने गंगाजल पीकर रोजा तोड़ा और अपना नाम मुस्कान रख लिया।

विवाह के बाद दोनों सीधे मुरादाबाद पहुँचे, जहाँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के सामने पेश होकर अपनी सुरक्षा की माँग की। दोनों का कहना है कि उन्हें परिवार और समाज के कुछ लोगों से जान का खतरा हो सकता है। पुलिस के अनुसार, दंपती ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से शादी की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने संबंधित थाना प्रभारी को जाँच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। अजय ने बताया कि मुनतरीन के परिवार वालों को उनका मिलना पसंद नहीं था। एक बार वे मुकदमा कर उसे जेल भी भिजवा चुके हैं। केस अब भी कोर्ट में लंबित है।