‘रहूँगी तो सुंदर (हिंदू युवक) के ही साथ’: मुस्लिम युवती पहुँची कोर्ट, कहा- बड़ी उम्र के रिश्तेदार के साथ निकाह कराना चाहते हैं परिजन

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक दिलचस्प प्रेम कहानी सामने आई है। नहटौर थाने में मंगलवार (20 जनवरी 2026) को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मुस्लिम युवती सोनी अकेले थाने पहुँच गई और अपने ही गाँव के एक हिंदू युवक सुंदर के साथ रहने की जिद पर अड़ गई।

पुलिस के काफी समझाने और परिजनों को बुलाने के आग्रह के बावजूद युवती टस से मस नहीं हुई। आखिरकार, कोर्ट ने युवती के बालिग होने और उसकी इच्छा को सर्वोपरि मानते हुए उसे अपने प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी।

जानकारी के मुताबिक, युवती ने पुलिस के सामने स्पष्ट किया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से हिंदू युवक के साथ शादी करना चाहती है। मुस्लिम युवती ने यह भी कहा कि या तो सुंदर से शादी करेगी या अपनी जान दे देगी।

मुस्लिम युवती ने आरोप लगाया कि बचपन में ही उसका निकाह बिना उसकी मर्जी से 10-12 साल बड़े रिश्तेदार से करवाना चाहते थे। मामला संवेदनशील देखते हुए पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे अपर सिविल जज कोर्ट संख्या-4 में पेश किया।

कोर्ट में भी युवती ने बिना किसी दबाव के अपने प्रेमी के साथ रहने का बयान दर्ज कराया। कोर्ट के आदेश पर युवक की मौजूदगी में युवती को उसके साथ भेज दिया गया। थानाध्यक्ष धीरज नागर ने बताया कि कानूनन बालिग युवती के बयान के आधार पर यह प्रक्रिया पूरी की गई है।