अमेरिका में 8 साल पहले हिंदू माँ-बेटे की हत्या कर फरार होकर भारत में छिपा था नजीर अहमद, लैपटॉप से मिले DNA की सैंपलिंग से हुई पहचान: US ने की प्रत्यर्पण की माँग

अमेरिका में 8 साल पहले हुई आंध्र प्रदेश की महिला की हत्या मामले में आरोपित नजीर अहमद पकड़ा गया है। अमेरिकी पुलिस ने लैपटॉप को सबूत बनाकर नजीर अहमद को आरोपित बनाया है। फिलहाल नजीर भारत में है, उसके प्रत्यर्पण की माँग की गई है।

दरअसल, मामला 23 मार्च 2017 का है। अमेरिका के मेपल शेड स्थित फॉक्स मीडो अपार्टमेंट्स में रहने वाले हनु नर्रा घर लौटे तो देखा कि उनकी 38 वर्षीय पत्नी शशिकला नर्रा और उनके 6 साल के बेटे अनीश मृत पड़े हैं। दोनों पर कई बार चाकू से हमला किया गया था। अमेरिकी पुलिश ने मृतकों के शरीर पर घावों से पता लगाया कि दोनों ने खुद को बचाने की भी कोशिश की थी।

पुलिस ने घटनास्थल से खून के धब्बे के सैंपल के साथ जाँच से जुड़ी कई अन्य उपकरण भी बरामद किए। शुरुआती जाँच में सामने आया कि नजीर ने हनी नर्रा का पीछा किया है। पुलिस ने मामले में उससे पूछताछ की और डीएनए सैंपल लिया। नजीर का डीएनए सैंपल घटनास्थल से जुटाए लैपटॉप में लगे खून के साथ मैच कर गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना के वक्त नजीर अहमद अमेरिका में काम करता था। लेकिन बाद में वह भारत लौट आया था। अब सैंपल मैच होने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने उसके खिलाफ हत्या और संबंधित अपराधों के आरोप दर्ज किए हैं और उसके अमेरिका प्रत्यर्पण की माँग की गई है।