प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (15 सितंबर 2025) को बिहार के पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत 40 हजार से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर सौंपे।
पीएम मोदी ने कहा कि धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा से पहले इन परिवारों का गृह प्रवेश सौभाग्य की बात है। उन्होंने बेघर लोगों को भरोसा दिलाया कि हर गरीब को पक्का घर मिलेगा और यह उनकी गारंटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि पिछले 11 साल में उनकी सरकार ने 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनवाए हैं और अब 3 करोड़ नए घर बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जब तक हर गरीब को घर नहीं मिल जाता, वह रुकेंगे नहीं।
इसके अलावा पीएम ने बिहार के विकास के लिए ₹40 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें रेल, एयरपोर्ट, बिजली और पानी से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं, जो सीमांचल के विकास को गति देंगी। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि गरीबों की सेवा और पिछड़ों को प्राथमिकता उनका मुख्य लक्ष्य है।

