प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (05 अप्रैल 2026) को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिगेड ग्राउंड की ऐतिहासिक तस्वीरें, जनसैलाब और जनता का उत्साह यह साबित करता है कि राज्य में बदलाव का माहौल बन चुका है। उन्होंने हेलीपैड से सभा स्थल तक का माहौल अभूतपूर्व बताया और कहा कि ऐसा जुनून कि बड़े रोड शो भी फीके पड़ जाएँ। पीएम मोदी ने बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि वे इस आशीर्वाद के लिए सिर झुकाकर प्रणाम करते हैं।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार चुनाव में सिर्फ दो विकल्प हैं। एक तरफ टीएमसी का भय है तो दूसरी तरफ बीजेपी का भरोसा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी में कटमनी और भ्रष्टाचार का डर व्याप्त है जबकि बीजेपी विकास को तेज रफ्तार देने का भरोसा देती है।
घुसपैठ के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ विदेशियों को बसाने का खतरा है तो दूसरी तरफ बीजेपी घुसपैठ रोकने और बाहर करने का भरोसा देती है। उन्होंने बदलती जनसांख्यिकी यानी डेमोग्राफी के कारण लोगों को अपनी ही जमीन पर असुरक्षा महसूस होने की बात कही।
कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि मतदान के दिन लोगों को डराने की कोशिश की जाएगी लेकिन जनता को कानून पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद टीएमसी के पापों का पूरा हिसाब होगा और चाहे कोई कितना भी बड़ा व्यक्ति हो कानून अपना काम करेगा। मालदा की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह बंगाल में लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की दुर्दशा को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि एक समय बंगाल देश के सबसे विकसित राज्यों में गिना जाता था जहाँ व्यापार, उद्योग, कला और संस्कृति में अग्रणी था। लेकिन वामपंथी शासन और उसके बाद टीएमसी के दौर ने इस चमक को खत्म कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि पहले बंगाल के लोग देश के औसत से ज्यादा कमाते थे लेकिन अब उनकी आय राष्ट्रीय औसत से भी कम हो गई है।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जहाँ बाकी राज्य नए उद्योग लगा रहे हैं वहां बंगाल से फैक्टरियाँ बाहर जा रही हैं। पहले लोग रोजगार के लिए बंगाल आते थे लेकिन अब यहाँ से पलायन हो रहा है। सरकारी नौकरियों में टीएमसी सिंडिकेट का कब्जा है। एसएससी शिक्षक भर्ती घोटाले में टीएमसी के मंत्री और विधायक तक शामिल थे जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ।
Today’s rally in Cooch Behar clearly indicates the mood on the ground. Across West Bengal, there is growing anger against TMC’s corruption, violence and collapse of governance.@BJP4Bengal
— Narendra Modi (@narendramodi) April 5, 2026
https://t.co/gMHIFeaMXr
केंद्र सरकार की योजनाओं पर भी पीएम मोदी ने टीएमसी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चाय बागान श्रमिकों, जनजातीय समाज और उत्तर कन्या परियोजना के लिए दिए गए पैसों को राज्य सरकार ने खर्च नहीं होने दिया।
आखिर में पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी के अन्याय और धोखे की सूची बहुत लंबी है जिसने पूरे बंगाल के विकास को पीछे धकेल दिया है।

