नासिक TCS धर्मांतरण केस की आरोपित निदा खान को AIMIM नेताओं ने दी पनाह, पार्षद अब्दुल मतीन को पुलिस ने पकड़ा: पूर्व सांसद इम्तियाज जलील का भी सामने आया नाम

नासिक के चर्चित TCS धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में अब राजनीति गरमा गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपित निदा खान को छिपने में मदद करने के आरोप में AIMIM पार्षद अब्दुल मतीन पटेल के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब इस मामले में किसी बड़ी राजनीतिक साजिश की जाँच कर रही है।

पार्षद पर आरोपित को संरक्षण देने का आरोप

आरोपित निदा खान पिछले 25 दिनों से फरार चल रही थी। पुलिस जाँच में सामने आया कि AIMIM पार्षद मतीन पटेल ने उसे नारेगाँव के कौसर पार्क इलाके में छिपने के लिए जगह दी थी। नासिक पुलिस ने पार्षद के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 249 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पता लगा रही है कि निदा की मदद करने के पीछे पार्षद का क्या मकसद था।

पूर्व सांसद पर भी उठे सवाल

इस मामले में अब AIMIM के पूर्व सांसद इम्तियाज जलील का नाम भी घसीटा जा रहा है। शिवसेना नेता और मंत्री संजय शिरसाठ ने आशंका जताई है कि निदा की मदद में जलील का भी हाथ हो सकता है। उन्होंने पुलिस से माँग की है कि सच सामने लाने के लिए इम्तियाज जलील से भी कड़ी पूछताछ की जाए।

क्या था पूरा मामला?

यह मामला फरवरी 2026 में शुरू हुआ था। आरोप है कि TCS कंपनी में काम करने वाली निदा खान और उसके हिंदू साथी जूनियर कर्मचारियों पर धर्म बदलने का दबाव बनाते थे। कर्मचारियों को जबरन बुर्का और धार्मिक किताबें दी जाती थीं। उन्हें नमाज पढ़ने और हिजाब पहनने की ट्रेनिंग भी दी जाती थी। पुलिस ने इस मामले में अब तक कई आरोपितों को गिरफ्तार किया है।