कहीं मिल गई ना, तो तेरी चमड़ी उधेड़ दूँगा: खामेनेई के नाम पर नाजिया इलाही खान को दी गई धमकी, पहले भी ‘गला रेतने’ की मिली थी धमकी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और सुप्रीम कोर्ट की वकील नाजिया इलाही खान को एक बार फिर धमकी मिली है। उन्हें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई पर बयानबाजी को लेकर धमकी दी गई है। नाजिया ने X पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें एक व्यक्ति कॉल पर नाजिया को धमकी दे रहा है।

नाजिया ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “भारत में मुसलमान अब मुझे ईरान के अली खामेनेई के नाम से धमकी दे रहे हैं!” वीडियो में एक शख्स नाजिया से कह रहा है, “शर्म नहीं आती है, कायर है तू कायर।” धमकी देने वाले शख्स ने कहा, “कहीं मिल गई ना, तो तेरी चमड़ी उधेड़ दूँगा। तुम्हारी जुबान बहुत चलती है।”

शख्स ने कहा कि कुत्ते के झुंड के साथ रहती हो और उनके साथ अय्याशी करो। उसने कहा, “कितनी सड़ी हुई बातें करती है, शर्म नहीं आती है।” इसके बाद काफी देर तक नाजिया की शख्स से तीखी बहस होती रही।

मंगलवार को भी नाजिया ने एक वीडियो शेयर किया था जिसमें एक शख्स नाजिया को धमकी दे रहा था। उस वीडियो में व्यक्ति सलीम वास्तिक के लिए कह रहा था, “हम चाहते तो इसे गोली भी मार सकते थे। बड़ी आसानी से, पर हमें इसे तड़पाना था।”

शख्स ने आगे कहा, “अगला नंबर नाजिया इलाही का है। मैंने उसे मैसेज भी कर दिया है कि बच के रहना। जितने भी अंधभक्त हैं सबको ट्रेस कर रहे हैं। ये जब भी बयान देते हैं, आसपास हमारे लोग होते हैं। हम बस हिंदू-मुस्लिम कर माहौल खराब नहीं करना चाहते।”

नाजिया को इसे पहले भी फोन कर जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। उन्होंने इसके बारे में बताया था कि धमकी देने वाले ने कहा कि मैं मुंबई जिंदा आ गई लेकिन वापस मेरी लाश जाएगी।