NCERT ने कक्षा 8 की किताब से ‘मराठा साम्राज्य’ का विवादित नक्शा हटाया, बीकानेर-जैसलमेर को दिखाया था हिस्सा: BJP नेताओं ने जताई थी आपत्ति

NCERT को गलत नक्शा दिखाने को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। क्लास 8 की सोशल साइंस किताब ‘समाज की खोज: भारत और उससे आगे भाग-I’ में मराठा साम्राज्य में राजस्थान के कई हिस्सों को दिखाया गया था। दरअसल नक्शे में 1759 के समय में मराठा साम्राज्य का विस्तार दिखाया गया था और इसमें बीकानेर, बुंदी और जैसलमेर को शामिल कर दिया गया था।

जैसलमेर के 44वें महारावल चैतन्य राज सिंह भाटी ने इस नक्शे के खिलाफ अगस्त 2025 में आपत्ति जताई। उन्होंने इसे राजपूत राजाओं के संघर्ष और संप्रभुता को बदनाम करने का प्रयास बताया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से ध्यान देने की अपील की।

इसके बाद राजस्थान के अन्य शाही परिवारों, बीजेपी सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, केंद्रीय मंत्री जीतेन्द्र सिंह और बुंदी से ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) भुपेश सिंह हाडा ने भी नक्शे को गलत बताते हुए आपत्ति जताई।

इन आपत्तियों के बाद NCERT ने हिंदी डिजिटल संस्करण (नवंबर 2025) से नक्शा हटा दिया। पेज पर नोट के अनुसार अगले संस्करण में संशोधित नक्शा शामिल किया जाएगा। हालाँकि, वर्तमान में अंग्रेजी संस्करण में नक्शा अभी भी मौजूद है।