बिहार बनेगा फूड प्रोसेसिंग हब, देश का तीसरा NIFTEM हाजीपुर में बनेगा: कृषि आधारित उद्योगों से बदलेगी किसानों की किस्मत

बिहार में फूड प्रोसेसिंग हब बनने जा रहा है। हाजीपुर में देश का तीसरा आधुनिकतम NIFTEM यानी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट बनने जा रहा है। सीएम सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि केन्द्र ने इसे मंजूरी दे दी है। इसके लिए करीब 100 एकड़ भूमि को अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक बनाया जाएगा।

इससे पहले हरियाणा के सोनीपत और तमिलनाडु के कंजावुर में इस संस्थान की स्थापना हुई है। जानकारी के अनुसार, यह संस्थान सीधे तौर पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अधीन काम करेगा और इसे ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ का दर्जा प्राप्त होगा।

सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार को फूड प्रोसेसिंग का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। वैशाली जिले के हाजीपुर में देश के तीसरे NIFTEM — राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना को मंजूरी दी गई है।

यह संस्थान खाद्य प्रसंस्करण, रिसर्च, तकनीकी शिक्षा और उद्यमिता को नई ऊंचाई देगा और हमारे किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।