तीन नोटिस मिलने के बाद पति संग हजरतगंज थाने पहुँचीं नेहा सिंह राठौर: पहलगाम आतंकी हमले के बाद किया था आपत्तिजनक पोस्ट, मामले की जाँच अब तक जारी

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर शनिवार (3 जनवरी 2026) को अपना बयान दर्ज कराने लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पहुँचीं। वह अपने पति हिमांशु सिंह के साथ देर रात थाने पहुँची थीं, जहाँ पुलिस ने औपचारिक बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।

हालाँकि रात अधिक होने के कारण पूछताछ पूरी नहीं हो सकी। पुलिस ने उन्हें रविवार (4 जनवरी 2026) को दोबारा उपस्थित होने के लिए कहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नेहा सिंह राठौर को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है, लेकिन मामले की जाँच जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस केस में 27 अप्रैल 2025 को FIR दर्ज हुई थी। नेहा सिंह राठौर ने FIR को रद्द कराने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका भी दायर की थी, लेकिन जाँच में सहयोग नहीं करने के कारण कोर्ट ने 5 दिसंबर 2025 को कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत और FIR रद्द करने की याचिका खारिज कर दी।

पुलिस ने भेजे तीन नोटिस

नेहा सिंह राठौर के पति हिमांशु सिंह के अनुसार, पुलिस ने उन्हें अब तक तीन नोटिस भेजे गए है। पहला नोटिस करीब 15 दिन पहले आया था, लेकिन उस समय नेहा की तबीयत ठीक न होने के कारण पुलिस से समय माँगा गया। दूसरा नोटिस घर के बाहर चस्पा किया गया, जिसे वे बाहर होने के कारण समय पर नहीं देख पाए। तीसरा नोटिस मिलने के बाद वे खुद कैब से हजरतगंज थाने पहुँचे।