नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उपाध्यक्ष डोल प्रसाद (DP) अर्याल अब प्रतिनिधि सभा के स्पीकर बन गए हैं। रविवार (5 अप्रैल 2026) को काठमांडू स्थित शीतल निवास में आयोजित समारोह में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने DP अर्याल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इससे पहले प्रतिनिधि सभा की बैठक में उन्हें निर्विरोध स्पीकर चुने जाने की घोषणा की गई। अर्याल ने शुक्रवार (3 अप्रैल 2026) को संसद सचिवालय में नामांकन दाखिल किया था और वे इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। संसद में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के पास दो-तिहाई बहुमत होने के कारण उनकी जीत तय मानी जा रही थी।
कभी रेस्टोरेंट में बर्तन धोते थे अर्याल
DP अर्याल का जन्म 1974 में धादिंग जिले के मैदी गाँव में हुआ था। साधारण परिवार में पले-बढ़े अर्याल वर्ष 1992 में बेहतर भविष्य की तलाश में काठमांडू पहुँचे। यहाँ उन्होंने एक रेस्टोरेंट में मजदूर के रूप में काम शुरू किया, जहाँ उनका काम जूठे बर्तन धोना और टेबल साफ करना था।
धीरे-धीरे उन्होंने टूरिस्ट गाइड के रूप में पहचान बनाई। इसके बाद वे रोजगार और पढ़ाई के लिए जापान गए, जहाँ उन्होंने करीब आठ साल बिताए और अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल किया। नेपाल लौटने के बाद उन्होंने पर्यटन, शिक्षा, सहकारी और रेमिटेंस जैसे क्षेत्रों में निवेश किया। एक समय के मजदूर रहे अर्याल आगे चलकर इजीलिंक रेमिटेंस के CEO भी बने।
राजनीति में तेज उभार
राजनीति में उनकी एंट्री 2022 में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के गठन के साथ हुई। वे पार्टी के संस्थापक केंद्रीय सदस्य बने और पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने के करीबी सहयोगी माने जाते हैं। बाद में उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया। जब रवि लामिछाने सहकारी घोटाले के मामले में जेल में थे, तब अर्याल ने कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
वे काठमांडू संसदीय क्षेत्र नंबर 9 से भारी मतों से चुनाव जीतकर प्रतिनिधि सभा पहुँचे। 2022 के आम चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी देश की चौथी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। सरकार में शामिल होने पर DP अर्याल को श्रम और रोजगार मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हालाँकि उनका पहला कार्यकाल केवल 22 दिनों का रहा, लेकिन बाद में जब पार्टी दोबारा सरकार में शामिल हुई तो उन्हें फिर से यही मंत्रालय दिया गया।

