लाल किला ब्लास्ट साजिश में NIA ने जम्मू-कश्मीर से 2 आंतकी दबोचे: हथियार सप्लाई करते थे जमीर और तुफैल, कोर्ट ने 10 दिन की कस्टडी में भेजा

दिल्ली के लाल किला क्षेत्र में हुए बम धमाके की साजिश में राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने जम्मू कश्मीर के गांदरबल से जमीर अहमद अहंगर और श्रीनगर से तुफैल अहमद भट्ट को गिरफ्तार किया है। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही इस आतंकी साजिश में अब तक कुल 11 आरोपितों को पकड़ा जा चुका है।

NIA के मुताबिक, दोनों आरोपित दिल्ली ब्लास्ट मामले में हथियार सप्लाई करने वाले अहम कड़ी थे और आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) के सक्रिय ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) के तौर पर काम कर रहे थे।

हथियारों की सप्लाई का खुलासा, कोर्ट से 10 दिन की NIA कस्टडी

10 नवंबर 2025 को दिल्ली में हुए इस भीषण धमाके में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस हमले का मास्टरमाइंड उमर उन नबी था, जो धमाके में खुद भी मारा गया। जाँच एजेंसी के अनुसार, जमीर अहमद और तुफैल अहमद ने उमर और उसके साथियों को राइफल, पिस्टल और जिंदा कारतूस मुहैया कराए थे।

इसके अलावा  दोनों आरोपित अन्य आतंकी साजिशों में भी शामिल रहे हैं और देश के खिलाफ हथियार इकट्ठा करने के नेटवर्क का हिस्सा थे। इस मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने जमीर अहमद अहंगर और तुफैल अहमद भट्ट को 10 दिन की NIA हिरासत में भेज दिया है।

एजेंसी ने कोर्ट से 15 दिन की कस्टडी की माँग की थी ताकि दोनों से गहन पूछताछ कर बड़ी आतंकी साजिश और नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। NIA के अनुसार, दोनों आरोपित हथियारों के संग्रह, उनकी सप्लाई और अन्य आतंकियों से संपर्क जैसे कई अहम पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दे सकते हैं।