NIA ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के MBBS छात्र जानीसुर आलम को पकड़ा, दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद मॉड्यूल में संदिग्ध: पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार

दिल्ली ब्लास्ट और फरीदाबाद आतंक मॉड्यूल की जाँच के बीच NIA ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी के एक MBBS छात्र जानीसुर आलम को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया। उस पर आतंकी संगठनों से संपर्क और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का शक है।

सोमवार (10 नवंबर 2025) को दिल्ली में हुए विस्फोट और फरीदाबाद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जाँच को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार (14 नवंबर 2025) को पश्चिम बंगाल से एक MBBS छात्र को गिरफ्तार किया है।

आरोपित  की पहचान जानीसुर आलम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर दिनाजपुर जिले के दलखोला के पास कोनाल गाँव का रहने वाला है और पंजाब के लुधियाना में रहता है। आलम हरियाणा के अल-फलाह यूनिवर्सिटी में MBBS का छात्र है, वही संस्था जो हाल ही में डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद जाँच के केंद्र में है।

NIA के अधिकारियों ने उसे सुबह सुरजापुर बाजार क्षेत्र से तब पकड़ा, जब वह अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के बाद लौट रहा था। एजेंसी ने उसके मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया था।

जानकारी के मुताबिक, आलम की गतिविधियाँ हालिया दिल्ली ब्लास्ट केस से संदिग्ध रूप से जुड़ी लग रही थीं, हालांकि उसके धमाके से प्रत्यक्ष संबंध की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। जाँच में यह भी सामने आया कि वह एक रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्ध रूप से घूमता दिखा था और पूछताछ के दौरान भागने की कोशिश भी की।