राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार (13 नवंबर 2025) को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘अलकायदा’ की गुजरात से जुड़ी आतंकी साजिश के मामले में पाँच राज्यों के 10 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे हैं। यह कार्रवाई उन अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों से जुड़े संदिग्धों पर केंद्रित थी, जिन पर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, NIA टीमों ने बुधवार (12 नवंबर 2025) को पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मेघालय, हरियाणा और गुजरात में संदिग्धों के ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान जाँच एजेंसी ने कई डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जाँच के लिए भेजा गया है।
NIA Searches Multiple Locations in 5 States in Al Qaida Gujarat Terror Conspiracy Case pic.twitter.com/7T2G9tI3BN
— NIA India (@NIA_India) November 13, 2025
यह मामला 2023 में दर्ज हुआ था, जिसमें चार बांग्लादेशी नागरिक ‘मोहम्मद सोजिबमियाँ, मुन्ना खालिद अंसारी, अजारुल इस्लाम और अब्दुल लतीफ’ फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के जरिए भारत में घुसे थे।
NIA के मुताबिक, ये चारों अलकायदा से जुड़े थे और बांग्लादेश में आतंकी गुर्गों के लिए फंड जुटाने और युवाओं को भड़काने में सक्रिय थे। NIA इस मामले में पहले ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

