‘मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाया, आपको प्रणाम’: नितिन नवीन ने संभाली BJP की कमान, वर्कर्स और PM मोदी का जताया आभार

भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार (20 जनवरी 2026) को औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया है। अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले संबोधन में नवीन ने इसे लोकतंत्र और बीजेपी की विशेषता बताया कि पार्टी ने उनके जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को देश के सबसे ऊँचे राजनीतिक पद पर बैठने का मौका दिया।

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कार्यकर्ता सदैव राष्ट्र सेवा की प्रेरणा लेते हैं। अपने भाषण के दौरान नितिन नवीन ने गुजरात के आनंद में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई अपनी पहली मुलाकात को याद किया।

नितिन नवीन ने बताया कि उस समय पीएम ‘सद्भावना मिशन’ कार्यक्रम में हर व्यक्ति की बात को बड़ी बारीकी से सुन रहे थे। नवीन ने कहा, “उस दिन जब पीएम मोदी ने हमसे ग्रीन रूम में बात की, तो मैंने महसूस किया कि कोई भी व्यक्ति महान तभी बनता है जब वह खुद को जनता की भावनाओं से जोड़ लेता है।” नितिन नवीन ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊँचाइयों पर ले जाएँगे।