नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट की टिकट बुकिंग शुरू, 15 जून को इंडिगो की पहली उड़ान लखनऊ के लिए होगी रवाना

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लोग जिसका लंबे समय से इंतजार कर रहे है वो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब जल्द ही हवाई सेवाएँ शुरू होने जा रही हैं। एयरपोर्ट से उड़ानों की टिकट बुकिंग गुरुवार (7 मई 2026) से शुरू हो गई है।

शुरुआती दौर में इंडिगो एयरलाइंस अपनी सेवाएँ देगी और यात्रियों को देश के कई बड़े शहरों से जोड़ा जाएगा। पहली कमर्शियल फ्लाइट 15 जून 2026 को लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेगी।

इस एयरपोर्ट का कोड DXN-NIA अब एयरलाइन सिस्टम में दिखाई देने लगा है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग भी जल्द उपलब्ध होगी। पहले दिन एयरपोर्ट से दो उड़ानें संचालित होने की तैयारी है। अधिकारियों के अनुसार, यह एयरपोर्ट दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आएगा।

15 जून से शुरू होगी पहली उड़ान, इंडिगो करेगी शुरुआत

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 को पहली कमर्शियल फ्लाइट सेवा शुरू होगी। शुरुआती उड़ान लखनऊ से नोएडा के लिए होगी। इसके बाद धीरे-धीरे देश के प्रमुख शहरों जैसे मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, जयपुर, वाराणसी, अयोध्या, गोवा और श्रीनगर से भी सीधी उड़ानें शुरू करने की योजना है।

शुरुआत में सिर्फ इंडिगो एयरलाइंस ही सेवाएँ देगी। बाद में अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी जुड़ेंगी। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अनुसार, सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद उड़ानों की तारीख 15 जून तय की गई है।

एयरपोर्ट का इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की योजना

पहले चरण में यह एयरपोर्ट 1334 हेक्टेयर में बनाया गया है। इसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और 30 एकड़ का कार्गो सेंटर शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इसका उद्घाटन किया था।

अधिकारियों का मानना है कि यह एयरपोर्ट आने वाले समय में देश के बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित होगा और इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।