मार-मारकर तोड़ी पसलियाँ, भूखा रखकर कई दिन तड़पाया: बिन बाप की बच्ची को CRPF के तारिक अनवर ने किया प्रताड़ित, नोएडा में बीवी संग गिरफ्तार

नोएडा के एक अस्पताल में बेड पर एक 10 साल की बच्ची पड़ी है। साँस लेने के लिए मशीन लगी है। शरीर इतना कमजोर है कि हड्डियाँ साफ दिखाई देती हैं। पसलियाँ टूटी हुई हैं, शरीर पर जख्मों के निशान हैं। बिना माँ-बाप के अस्पताल में जिंदगी से लड़ रही इस बच्ची की यह हालत उसके रिश्तेदारों ने की है।

यह बच्ची मूलरूप से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली है। करीब 40 दिन पहले उसे उसके एक रिश्तेदार ग्रेटर नोएडा लेकर आए थे। भरोसा दिलाया गया था यहाँ उसे काम मिलेगा और ठीक से रखा जाएगा। लेकिन उस भरोसे के बदले बच्ची को भूखा रखा गया और मारा-पीटा गया।

जिस घर में बच्ची को रखा गया, वहाँ उससे घरेलू काम कराया जाता था। आरोप है कि उसे पूरा खाना तक नहीं दिया जाता था और छोटी-छोटी बातों पर पीटा जाता था। यह सब करने वाले बच्ची के रिश्तेदार CRPF कॉन्सटेबल तारिक अनवर हैं और उनकी बीवी रिम्पा खातून भी इस क्रूरता में शामिल थी।

बाथरूम में लगी चोट बताकर अस्पताल में कराया भर्ती

05 जनवरी 2025 के आसपास बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई। कमजोरी के चलते वह गिर पड़ी। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों को बताया गया कि बच्ची बाथरूम में फिसलकर गिर गई है।

लेकिन मेडिकल जाँच में जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की कई पसलियाँ टूटी हुई थीं, और उसके सिर और छाती पर गंभीर चोटें भी थीं। इतना ही नहीं वह काफी समय से भूखी और कुपोषित थी और उसका हीमोग्लोबिन सिर्फ 1.9 था, जो किसी भी बच्चे के लिए जानलेवा स्थिति मानी जाती है।

हालत गंभीर होने के चलते उसे पहले सरवोदय अस्पताल और फिर नोएडा के मैक्स अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।

6 भाई-बहनों में सबसे बड़ी, परिवार पालने की जिम्मेदारी

जाँच के दौरान बच्ची का पारिवारिक सच भी सामने आया। उसके अब्बू ने पहले ही परिवार छोड़कर दूसरी शादी कर ली है। उसकी अम्मी मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बच्चों की देखभाल करने की स्थिति में नहीं है। बच्ची अपने छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी है और कम उम्र में ही उस पर घर की जिम्मेदारियाँ आ गई थीं।

जब 8 और 9 जनवरी को प्रशासन और बाल कल्याण समिति (CWC) ने परिवार और रिश्तेदारों से संपर्क किया, तो किसी ने भी बच्ची को अपनाने या जिम्मेदारी लेने से मना कर दिया।

आरोपित तारिक अनवर और उसकी बीवी गिरफ्तार

मामले सामने आने के बाद पुलिस ने CRPF कॉन्सटेबल तारिक और उसकी बीवी रिम्पा खातून को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं CRPF ने भी आरोपित कॉन्सटेबल को नौकरी से सस्पेंड कर दिया है। वहीं CWC ने बच्ची को ‘देखभाल और संरक्षण की आवश्यकता वाला बच्चा’ घोषित किया और कहा है कि उसके इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।