नोएडा हिंसा का पाकिस्तान-वामपंथी कनेक्शन, मजदूर संगठन के नाम पर लेफ्ट लॉबी ने भड़काई हिंसा: दुश्मन देश से X पर प्रचार, पढ़ें 2 गिरफ्तारियों के अलावा क्या-क्या हुआ

नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शनों में भड़की हिंसा का पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने कहा कि पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया अकाउंट्स ने श्रमिकों को भड़काया था। इतना ही नहीं हिंसा भड़काने के आरोप में पुलिस ने कम्युनिस्ट संगठन ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ के मनीषा और रुपेश को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर @Proudindiannavi और @Mir_Ilyas_INC नाम के अकाउंट ने नोएडा में प्रदर्शन को लेकर कई भड़काऊ पोस्ट डाले। इन अकाउंट्स को पाकिस्तान से संचालित किया जा रहा था। इन दोनों अकाउंट्स पर पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी है।

पुलिस जाँच में यह भी सामने आया है कि इन अकाउट को संचालित करने वाले लोग VPN का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बावजूद साइबर सेल ने उनकी लोकेशन का पता लगा लिया। बताजा जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इन अकाउंट्स के जरिए भड़काऊ पोस्ट शेयर किए गए हों। पहले भी इन अकाउंट्स ने ऐसे पोस्ट कर हिंसा भड़काने की कोशिश की है।

कम्युनिस्ट संगठन के दो लोग गिरफ्तार

वहीं इस मामले में कम्युनिस्ट संगठन ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ के दो सदस्य मनीषा चौहान और रुपेश रॉय को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों ने हिंसा के दौरान भड़काऊ भाषण देकर श्रमिकों को भड़काया था।