मुगल आक्रांता जहीरुद्दीन मुहम्मद ‘बाबर’ के नाम पर दिल्ली में बनी सड़क का नाम बदलने की माँग एक बार फिर तेज हो गई है। हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने शनिवार (6 दिसंबर 2025) की सुबह बंगाली मार्केट स्थित बाबर रोड पर पोस्टर लगाकर सड़क का नाम ‘अयोध्या मार्ग’ करने की माँग की है। हिंदू सेना का कहना है कि उन्होंने कई बार NDMC को नाम बदलने के लिए पत्र भेजे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद उन्हें पोस्टर लगाने का कदम उठाना पड़ा। हालाँकि, NDMC ने कुछ देर बाद ये पोस्टर हटा दिए।
हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा, “भारत राम, कृष्ण, वाल्मीकि और गुरु रविदास की भूमि है। ऐसे में बाबर जैसे आक्रांताओं के नाम भारतीय सड़कों पर नहीं होने चाहिए।” उनका कहना है कि जब अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन चुका है और विवादित ढाँचे का विध्वंस किया जा चुका है तो दिल्ली में बाबर रोड रखने का कोई मतलब नहीं बचता। उन्होंने साफ कहा कि जब तक नाम नहीं बदला जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बाबर रोड का नाम बदलने को लेकर इससे पहले भी प्रदर्शन हो चुका है। 20 जनवरी 2024 को भी इसी तरह सड़क के बोर्ड पर अयोध्या मार्ग लिखा गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। वहीं, 23 फरवरी 2025 को छावा फिल्म के बाद दिल्ली में अकबर रोड, बाबर रोड और हुमायूं रोड के नाम बदलने की माँग की गई थी।

