19 और 5 किलो वाले LPG सिलेंडर के दाम बढ़े, ₹218 तक महँगा हुआ कमर्शियल सिलेंडर: जानें- प्रमुख शहरों में क्या हैं नए रेट

नए वित्त वर्ष (2026-27) का आगाज बुधवार ( 1 अप्रैल 2026) से हो चुका है। यह आम आदमी की जेब पर बोझ के साथ शुरू हुआ है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ईरान-इजरायल तनाव की वजह से ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग का असर अब भारत में दिखने लगा है।

सरकारी तेल कंपनियों ने 1 अप्रैल से 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में ₹195 से लेकर ₹218 तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर के दाम भी ₹51 बढ़ गए हैं। हालाँकि, राहत की बात यह है कि घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

प्रमुख शहरों में अब क्या हैं नए दाम?

तेल कंपनियों (IOC, BPCL, HPCL) की नई लिस्ट के हिसाब से अब 19 किलो वाला भारी कमर्शियल सिलेंडर ₹2000 के पार पहुँच गया है। दिल्ली और मुंबई में इसके दाम ₹195.5 बढ़े हैं, जिससे दिल्ली में अब यह ₹2078.50 और मुंबई में ₹2031 का मिलेगा। वहीं कोलकाता में ₹218 की सबसे बड़ी उछाल के साथ नई कीमत ₹2208 हो गई है, जबकि चेन्नई में ₹203 की बढ़ोतरी के बाद अब एक सिलेंडर ₹2246.50 में मिलेगा।

घरेलू ग्राहकों और पेट्रोल-डीजल पर राहत

जहाँ एक तरफ होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं, वहीं आम घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल इस झटके से बचा लिया गया है। घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत दिल्ली में अभी भी ₹913 पर स्थिर है। इसी तरह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल ₹94.72 और डीजल ₹87.62 प्रति लीटर पर बना हुआ है, जिसमें पिछले एक साल से ज्यादा समय से कोई बड़ा फेरबदल नहीं देखा गया है।