कुशीनगर के कसया में बुधवार (31 दिसंबर 2025) को पुरानी रंजिश ने एक घर का इकलौता चिराग बुझा दिया। खाद लेने जा रहे 22 साल के निशांत सिंह की फैजल और नौशाद ने चाकू से गोदकर दिनदहाड़े हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे जिले में तनाव फैल गया। निशांत अपने घर का इकलौता चिराग था और सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
परिजनों ने इंसाफ के लिए सड़क पर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया और आरोपितों के एनकाउंटर व घरों पर बुलडोजर चलाने की माँग की। पुलिस ने मुख्य आरोपित को दबोच लिया है और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भारी फोर्स तैनात की है।
खाद लेने जा रहे निशांत पर फैजल-नौशाद का हमला
बुधवार (31 दिसंबर 2025) दोपहर करीब 2 बजे निशांत सिंह अपने दोस्तों के साथ बाइक से कसया बाजार खाद लेने जा रहे थे। गाँव से कुछ दूर निकलते ही रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे फैजल, नौशाद और उनके साथियों ने उन्हें रोक लिया। पहले दोस्तों के साथ मारपीट की गई और जब निशांत ने बीच-बचाव किया, तो हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
ताबड़तोड़ चाकूबाजी और पुलिस की कार्रवाई
आरोपितों ने निशांत के पेट और गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित नौशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा है और बाकी फरार आरोपितों (फैजल और अन्य) की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
थाना कसया क्षेत्रान्तर्गत दो पक्षों के बीच मार-पीट में एक व्यक्ति की मृत्यु के संबंध में थाना कसया पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। उक्त घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर की बाईट- pic.twitter.com/QFEeiwZlaZ
— Kushinagar Police (@kushinagarpol) December 31, 2025
सड़क पर कोहराम: ‘एनकाउंटर नहीं तो हमें गोली मार दो’
गुरुवार (1 जनवरी 2026) को जब निशांत का शव गाँव पहुँचा, तो कोहराम मच गया। माँ और परिजनों ने नैका छपरा चौराहे पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। रोती-बिलखती माँ ने माँग की कि आरोपितों का एनकाउंटर करो और उनके घर पर बुलडोजर चलाओ। आक्रोश इतना था कि ग्रामीणों ने कहा, “अगर पुलिस सजा नहीं दे सकती, तो हमें ही गोली मार दे।” प्रदर्शन के कारण बाजार बंद रहे और करीब साढ़े चार घंटे तक आवागमन ठप रहा।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए 5 थानों की पुलिस और पीएसी (PAC) की एक यूनिट तैनात की गई है। एडीएम और एडिशनल एसपी ने परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। कुशीनगर सांसद विजय दुबे ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल गाँव में पुलिस बल तैनात है और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

