मोहम्मद यूनुस ने हिंदू नाम रख स्पा सर्विस की आड़ में की ठगी, गर्लफ्रेंड संग बनाता था शिकार: लैपटाॅप में मिले 260 लड़कियों के फोटो, मेरठ पुलिस ने पकड़ा

उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक बहुत बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह घर बैठे स्पा-मसाज सर्विस देने और धार्मिक यात्राओं के नाम पर देश भर के लोगों को अपना शिकार बना रहा था।

पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड मोहम्मद यूनुस और उसकी महिला सहयोगी लिजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य 5 साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

नाम बदलकर जालसाजी: ‘यूनुस’ ऐसे बनता था ‘अभिराज’

जाँच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित मोहम्मद यूनुस लोगों को अपने जाल में फँसाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाता था। वह ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए अपना असली नाम छिपाकर खुद को ‘अभिराज’ बताता था। हद तो तब हो गई जब यूनुस ने पुलिस और लोगों को धोखा देने के लिए ‘अभिराज’ के नाम से एक फर्जी आधार कार्ड भी तैयार करवा लिया था, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

इस गिरोह का काम करने का तरीका बेहद चौंकाने वाला था। यूनुस और उसकी टीम व्हाट्सएप पर लोगों को सुंदर लड़कियों की तस्वीरें भेजती थी और घर पर ही स्पा व मसाज की बेहतरीन सर्विस देने का वादा करती थी। जैसे ही कोई ग्राहक इनके झांसे में आता, ये उससे क्यूआर (QR) कोड के जरिए एडवांस पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। एक बार पैसे खाते में आते ही आरोपित ग्राहकों के फोन उठाना बंद कर देते थे।

तीर्थ यात्रा (हज और उमराह) के नाम पर भी लाखों लूटे

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि यूनुस और उसके गिरोह ने मेरठ के शास्त्रीनगर में अपना एक पक्का ठिकाना (ऑफिस) बना रखा था। पिछले दो सालों में इन्होंने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों के हजारों लोगों से करोड़ो की ठगी की। स्पा के अलावा यूनुस ने ‘यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल’ नाम की एक फर्जी कंपनी भी खोली थी। इस कंपनी के जरिए निर्दोष लोगों से हज, उमराह और अन्य तीर्थ यात्राओं की बुकिंग के नाम पर लाखों रुपए ऐठे गए।

पुलिस ने जब मोहम्मद यूनुस और लिजा के ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहाँ से ₹4.16 लाख कैश, 8 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप, फर्जी आधार कार्ड, बैंक चेकबुक, सिम कार्ड और कई फर्जी मुहरें, ठगी की कमाई से इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद हुई।

पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जाँच कर रही है। यूनुस के बैंक खातों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि अब तक कुल कितने करोड़ रुपए की ठगी की जा चुकी है। बाकी बचे 5 आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।