उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘I Love Muhammad’ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा खान और सात अन्य लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस जाँच में खुलासा हुआ है कि इस हिंसा को भड़काने के लिए एक ‘ऑनलाइन टूलकिट‘ का इस्तेमाल किया गया था। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि तौकीर रजा पिछले सात दिनों से इस प्रदर्शन की प्लानिंग कर रहा था। इस दौरान, उसके वीडियो और व्हाट्सएप संदेशों को कई ग्रुप्स पर फैलाकर लोगों को प्रदर्शन के लिए जुटाया गया। पुलिस इसे पूर्व-नियोजित साजिश मान रही है।
जनपद बरेली में जुमे की नमाज के पश्चात कुछ लोगों द्वारा हिंसक प्रदर्शन करने पर बरेली पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही करते हुये अलग-अलग थानों पर 10 अभियोग पंजीकृत कर 08 अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटनास्थल से बरामदगी आदि के संबंध में श्री अनुराग आर्य #SSPBareilly की बाइट।
— Bareilly Police (@bareillypolice) September 27, 2025
पार्ट-2 pic.twitter.com/e8LWD0VCmT
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि नदीम नामक एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल पर लोगों को हिंसा के लिए उकसाया था, जो फिलहाल फरार है। प्रशासन ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। जुमे की नमाज के बाद जब पुलिस ने भीड़ को आगे बढ़ने से रोका, तो उन्होंने पथराव और नारेबाजी की। पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने फायरिंग भी की थी।
फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में 31 लोगों को गिरफ्तार किया है और 10 FIR दर्ज की गई हैं। बाकी आरोपितों को पकड़ने के लिए विशेष जाँच दल (SIT) बनाई गई है।

