‘देश से माफी माँगें राहुल गाँधी’: संसद में LoP के व्यवहार से नाराज 204 हस्तियों ने लिखा ओपन लेटर, कहा- लोकतंत्र को पहुँचा रहे नुकसान

संसद की गरिमा को भंग करने के लिए नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के खिलाफ 204 प्रतिष्ठित नागरिकों के समूह ने ओपन लेटर जारी किया है। लेटर में राहुल गाँधी के संसद में व्यवहार को आपत्तिजनक बताते हुए देश से माफी माँगने की अपील की है। इस समूह में 116 रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर, 80 रिटायर्ड नौकरशाह, 4 रिटायर्ड एंबेसडर और 4 वरिष्ठ अधिवक्ता शामिल हैं।

लेटर में कहा गया कि भारत की संसद की गरिमा सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र का एक जरूरी हिस्सा है। लेकिन 12 मार्च 2026 को प्रदर्शन पर रोक लगाने के बावजूद राहुल गाँधी के नेतृत्व में विपक्ष के विरोध को नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ संसद की व्यवस्था और अधिकार का अनादर भी बताया।

इसके अलावा संसद परिसर को लोकतंत्र का मंदिर बताते हुए कहा कि राहुल गाँधी को संसद की सीढ़ियों पर बैठकर चाय और बिस्कुट खाते देखा गया है, जो देश की सर्वोच्च विधायी संस्था के सदस्यों के लिए उचित नहीं है। लेटर में कहा गया कि इस तरह का व्यवहार स्थापित नियमों और मर्यादाओं की अनदेशी को दिखाता है और यह दर्शाता है कि संस्था के प्रति सम्मान की कमी है।

लेटर में यह भी कहा गया कि राहुल गाँधी सरकार से सवाल करने के प्रयास में देश और लोकतंत्र की छवि को नुकसान पहुँचाते हैं। लेटर में प्रतिष्ठित नागरिकों ने इन घटनाओं से दुख जताया और राहुल गाँधी को इस व्यवहार के लिए देश से माफी माँगने और आत्मचिंतन करने की अपील की।

लेटर लिखने वाले प्रतिष्ठित नागरिकों में पूर्व एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया से लेकर IFS, IPS और सेना के पूर्व अधिकारी शामिल हैं।