‘जो भारत को चुनौती देगा, उसे हमेशा करारा जवाब मिलेगा’: ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगाँठ पर PM मोदी ने दिया संदेश, DP बदलकर तिरंगा लगाया

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगाँठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रोफाइल बदल दी है। PM मोदी ने प्रोफाइल तस्वीर में ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो लगाया है। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य को सलाम किया है। अब ऑपरेशन सिंदूर की नई तस्वीर में भारतीय तिरंगा भी दिखाई दे रहा है।

PM मोदी के साथ ही विदेश मंत्री एस जयशंकर, केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तमाम नेताओं ने भी अपनी प्रोफाइल बदल दी है। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल बाद भी भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का फैसला बरकरार रखा है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने यह बड़ा कदम उठाया था, तब से जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चिनाब नदी पर बने बगलिहार बांध के गेट बंद हैं।

केंद्र सरकार का मानना है कि 1960 की सिंधु जल संधि भारत के साथ अन्यायपूर्ण रही, क्योंकि इससे पाकिस्तान को पश्चिमी नदियों के अधिकांश जल पर अधिकार मिला जबकि जम्मू-कश्मीर के हित प्रभावित हुए। पूर्व राजनयिक दिलीप सिन्हा ने कहा कि पाकिस्तान ने हर सहयोगी व्यवस्था का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों और आतंकवाद को बढ़ावा देने में किया। वहीं पूर्व DGP शेष पॉल वैद ने कहा कि खून और पानी साथ नहीं बह सकते और जब तक पाकिस्तान आतंकवाद नहीं छोड़ता, भारत अपने रुख में नरमी नहीं लाएगा।