ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए लश्कर डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी ने भारत को दी खुली धमकी, कश्मीर से हैदराबाद-जूनागढ़ तक पर ठोका दावा

भारत द्वारा सीमा पार आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आतंकी संगठनों की प्रतिक्रिया आई है। इसी कड़ी में लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी उर्फ सैफुल्लाह खालिद ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। हजारों समर्थकों की मौजूदगी में दिए गए भड़काऊ भाषण में कसूरी ने भारत को खुली धमकी दी और कश्मीर से लेकर हैदराबाद, जूनागढ़ जैसे इलाकों पर भी दावा ठोक दिया।

आतंकी ने भारत के खिलाफ उगला जहर

मामला उस वक्त सामने आया जब सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत को चेतावनी देता दिख रहा है। अपने भाषण की शुरुआत में कसूरी ने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में बड़ी गलती की है, क्योंकि उसने केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद उसने भाषा में कहा, “मेरी आखिरी बात… अपने भी सुनें, बाहर वाले भी, दोस्त भी और दुश्मन भी।”

कसूरी ने न केवल भारत को धमकी दी, बल्कि उन देशों और संस्थाओं को भी ललकारा जिन्होंने लश्कर-ए-तैयबा पर प्रतिबंध लगाए हैं। उसने दावा किया कि “दुनिया का सिस्टम बदल सकता है, लेकिन लश्कर अपने कश्मीर मिशन से पीछे नहीं हटेगा।” उसने कश्मीर को मजहबी रंग देने की कोशिश करते हुए इसे ‘किब्ला-ए-अव्वल की आजादी’ से जोड़ दिया और आतंक को जायज ठहराने का प्रयास किया।

अपने बयान में कसूरी ने यह भी दावा किया कि भारत ने कश्मीर, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, जूनागढ़, मुनावदर, हैदराबाद दक्कन और बंगाल जैसे क्षेत्रों पर कब्जा कर रखा है, जो कथित तौर पर मुस्लिम बहुल थे।

हाफिज सईद को लेकर कसूरी ने दावा किया कि वह हाल ही में एक बैठक में मौजूद था, जहाँ हाफिज सईद ने कहा कि भारत केवल खाली धमकियाँ दे रहा है और अगले 50 साल तक हमला करने का साहस नहीं करेगा। जबकि पाकिस्तान सरकार का दावा है कि हाफिज सईद जेल में है।