पाकिस्तान के पहले चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (CDF) आसिम मुनीर ने पद सँभालते ही भारत के खिलाफ जहर उगली है। पाकिस्तान फौज के हेडक्वार्टर GHQ में हुए अपने पहले आधिकारिक समारोह में आसिम मुनीर ने भारत को सीधी गीदड़भभकी दी है।
आसिम मुनीर ने साफ चेतावनी दी कि अगली बार अगर भारत ने कोई भी हमला किया, तो पाकिस्तान का जवाब ‘पहले से ज्यादा तेज, सख्त और आक्रामक’ होगा। आसिम मुनीर ने तालिबान सरकार को भी साफ कह दिया है कि उन्हें ‘ख्वारिज’ या ‘पाकिस्तान’ में से किसी एक को चुनना होगा।
भारत को दी खुली चुनौती
फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अपने भाषण में भारत को किसी भी ‘गलतफहमी‘ में न रहने की सलाह दी। आसिम मुनीर को यह पद तब मिला जब भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तानी सुरक्षा को भारी नुकसान हुआ था। CDF बनने के बाद वह अगले पाँच साल तक आर्मी चीफ का पद भी सँभालेंगे।
मुनीर ने नए डिफेंस फोर्सेज हेडक्वार्टर की तारीफ की। आसिम मुनीर ने कहा कि इसका काम तीनों सेनाओं (थल सेना, वायुसेना, नौसेना) की ताकत को एक साथ लाना है। मुनीर ने यह भी कहा कि अब जंग साइबरस्पेस, AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और सूचना युद्ध तक फैल चुकी है, इसलिए फौज को नए खतरों के लिए खुद को बदलना होगा। इस समारोह में तीनों सेनाओं के बड़े अफसर भी मौजूद थे।

