भारत के साथ तनाव के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर अपनी गीदड़भभकी वाला बयान देकर धमकी दी है। ख्वाजा आसिफ ने रविवार (5 अक्टूबर 2025) को सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर अब युद्ध हुआ तो भारत अपने लड़ाकू विमानों के मलबे के नीचे दब जाएगा। ये बेतुका बयान तब सामने आया, जब भारत ने कहा था कि अगर दुनिया के नक्शे में दिखना चाहते है, तो आतंकवाद को पनाह देना बंद करे।
ख्वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि भारतीय लीडरशिप अपनी खोई हुई विश्वसनीयता वापस पाने के लिए भड़काऊ बयान दे रही है। आसिफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान अल्लाह के नाम पर बना है और इसके रक्षक अल्लाह के सिपाही हैं।
‘तबाही’ की चेतावनी
इससे एक दिन पहले, शनिवार (4 अक्टूबर 2025) को पाकिस्तानी फौज ने भी कड़ा बयान जारी किया था। फौज के मीडिया विंग ISPR ने कहा था कि अगर दोनों देशों के बीच दुश्मनी का नया दौर शुरू हुआ तो तबाही होगी और पाकिस्तान बिना किसी हिचकिचाहट के जवाब देगा।
पाकिस्तानी फौज ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि जहाँ तक पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने की बातें हैं, भारत को पता होना चाहिए कि ऐसे हालात आए तो दोनों देश मिट जाएँगे।
आतंकवाद को पनाह देना बंद करे पाक
दरअसल, शुक्रवार (3 अक्टूबर 2025) को जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा था कि उसे सोचना पड़ेगा कि उसे मैप में रहना है या नहीं। उन्होंने साफ किया था कि अगर पाकिस्तान अपनी जगह बनाए रखना चाहता है, तो उसे आतंकवाद को संरक्षण देना बंद करना होगा।
भारतीय खुफिया सूत्रों ने ख्वाजा आसिफ के बयान को चरमपंथी मानसिकता का प्रतीक बताया है। सूत्रों ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
भारत का करारा जवाब
यह धमकी उस समय आई है जब भारत ने हाल ही में ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ चलाकर पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाई और उसके घर में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। इसी हमले में 100 से ज़्यादा आतंकी मारे गए थे और पाकिस्तान के फौजी ठिकानों को भी नुकसान पहुँचा था। इन सभी बातों की पुष्टि सैटेलाइट तस्वीरों ने की थी। सूत्रों ने साफ किया था कि भारत की विश्वसनीयता उसके कार्यों से तय होती है, न कि बयानों से। भारत ने कड़ी चेतावनी दी है कि पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।

