अभी भी डर से नहीं उभरा पाकिस्तान, सेना प्रमुख द्विवेदी के ‘ऑपरेशन सिंदूर ट्रेलर’ बयान से काँपा इस्लामाबाद: रक्षा मंत्री आसिफ बोले- भारत कभी भी सीमा पार स्ट्राइक कर देगा

भारत के ऑपरेशन सिंदूर के डर से पाकिस्तान अभी तक बाहर नहीं निकल पाया है। अब पाकिस्तान के मन में फिर से डर सताने लगा है कि भारत सीमा पार तक पाकिस्तान पर हमला बोल सकता है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने मंगलवार (18 अक्टूबर 2025) को कहा कि भारत के सेना प्रमुख के हालिया बयान को पाकिस्तान नजरअंदाज नहीं कर सकता और भारत सीमा पार हमला कर सकता है।

आसिफ ने पाकिस्तानी चैनल ‘समा टीवी’ के कार्यक्रम में खूब मनगढ़ंत दावे भी किए। आसिफ ने बातचीत में दावा किया कि अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान में घुसपैठ हो रही है और इन घटनाओं में भारत की भूमिका भी शामिल है। आसिफ ने कहा कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), ईरान, चीन और अन्य देश पाकिस्तान में होने वाली इन सीमा पार घुसपैठों को खत्म करना चाहते हैं।

भारत को लेकर एक और झूठ बोलते हुए आसिफ ने यह भी कहा कि अफगानिस्तान अब आतंकवादियों का अड्डा बन चुका है और पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान अपने मुद्दों को हल करें, यह भारत नहीं चाहता है।

भारत के आर्मी चीफ ने क्या कहा था?

दिल्ली में कुछ दिनों पहले एक कार्यक्रम में बोलते हुए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को केवल ट्रेलर बताया था। जनरल द्विवेदी ने कहा था कि पाकिस्तान चाहे परदे के पीछे रहकर आतंकवाद को बढ़ावा दे, भारतीय सेना उसकी हर गतिविधि पर पूरी नजर रखती है।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा, “यह तो सिर्फ ट्रेलर था, जरूरत पड़ी तो पाकिस्तान को सिखाया जाएगा कि एक जिम्मेदार देश अपने पड़ोसी के साथ कैसे बर्ताव करता है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत किसी भी प्रकार के परमाणु दबाव में आने वाला नहीं है और युद्ध चाहे चार महीने चले या चार वर्ष सेना हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तत्पर है।