सिंध प्रांत के हैदराबाद शहर में तीन नाबालिग हिंदू लड़कियों के अपहरण, धर्म परिवर्तन और मुस्लिम पुरुषों से निकाह का मामला सामने आया है। घटना शनिवार (13 जुलाई 2025) को सिंध के संघार जिले में हुई, जब तीन हिंदू नाबालिग लड़कियों को अगवा कर लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित परिवारों ने शिकायत दर्ज कराई कि लड़कियों का जबरन धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम युवकों से निकाह करवा दिया गया। इस घटना के विरोध में हिंदू समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
गुरुवार (17 जुलाई 2025) को तीनों लड़कियाँ सिंध हाई कोर्ट की हैदराबाद पीठ के सामने पेश हुई और उन्होंने कोर्ट में कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म अपनाया और निकाह किया।
हालाँकि, सिंध मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष इकबाल अहमद ने मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग करते हुए पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि यदि लड़कियाँ नाबालिग पाई जाती हैं, तो यह मामला सिंध बाल विवाह निरोधक अधिनियम, 2013 के अंतर्गत आएगा।

