पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने गुरुद्वारे में घुसकर बुजुर्ग सेवादार दंपति को उतारा मौत के घाट: SGPC अध्यक्ष हरिजंदर सिंह भड़के, कहा- अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे PAK सरकार

पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अरसों से जुल्म ढाया जा रहा है। ताजा मामला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का है। यहाँ मर्दान शहर के गुरुद्वारा साहिब में सिख समुदाय के बुजुर्ग दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों बुजुर्ग गुरुद्वारा में सेवादार थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक बुजुर्ग दंपति की पहचान जगन्नाथ और उनकी पत्नी असमा वंती के रूप में हुई है। मर्दान जिले के पुलिस अफसर मसूद अहमद ने बताया कि गुरुद्वारा पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की, जिसमें दोनों बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई।

घटना की भारत में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने निंदा की है। एडवोकेट धामी ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब जैसे पवित्र धार्मिक स्थल के भीतर घुसकर निर्देोष लोगों की हत्या करना मानवता के खिलाफ अपराध है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटना न केवल सिख समुदाय बल्कि अल्पसंख्यक समुदायों की पाकिस्तान में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।